एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में एक युवक से पहले पूछा वोट किसको दिया। इसके बाद ईंट-पत्थर और छुरे से जानलेवा हमला करके घायल कर दिया। घायल ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मंडी समिति के सामने कांशीराम कालोनी निवासी शिवम गुप्ता पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट लिखाई गई है। बताया कि वह 11 मई की रात करीब 9.30 बजे अपनी परचून की दुकान बंद करके घर जा रहा था। रास्ते में शराब के ठेके के पास मुस्लिम समाज के तीन लड़कों ने रोक लिया। इसके बाद पूछा कि तू अपना वोट किसको देकर आया है। यह बताने से इनकार किया तो सभी ने पहले लात-घूंसों से पीटा।
बाद में ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। पास में ही स्थित सब्जी की दुकान से छुरा ले आए। इससे प्रहार कर घायल कर दिया। चीखपुकार मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे होने लगे। तो जान से मारने की धमकी देकर कार से भाग गए। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि वोट डालने की बात पूछने के बाद हमला करने का आरोप लगाया गया है। घायल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और डॉक्टरी परीक्षण कराया है। मामले की जांच की जा रही है।