एटा। मैनपुरी के दंपती को कार में बिठाकर लूटने वाली दो महिलाओं सहित पांच को पुलिस ने बृहस्पतिवार को पकड़ा था। शुक्रवार को एक महिला सहित चार को जेल भेज दिया। जबकि एक महिला के चोटें आने पर इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सभी लुटेरे गौतमबुद्धनगर के रहने वाले हैं।
जिला मैनपुरी थाना कुरावली के गांव गणेशपुरा निवासी नौसैनिक रंजीत सिंह दिवाकर, उनकी पत्नी नीरज को लूटने का प्रयास किया गया था। असफल होने पर तीन साल के कार्तिक को चलती कार से सड़क पर फेंका था। इस वारदात को अंजाम देने वाले बंटी, कपिल, इसकी पत्नी बल्ले, रवी और कमलेश देवी निवासीगण गांव छालस थाना जाची जिला गौतमबुद्धनगर को ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने पकड़ लिया। इनकी ग्रामीणों ने पिटाई भी की थी। इसके चलते कमलेश देवी के चोटें आईं। इसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य को जेल भेज दिया है।
पुलिस छिपाती रही लूट की घटना
नौसैनिक के साथ बृहस्पतिवार को लूट की वारदात होने की बाद मलावन थाना पुलिस इसको छिपाते रहे। देर रात तक इनकार किया जाता रहा। कई बार पूछने पर भी मैनपुरी जिला में ही वारदात होना बताया। लेकिन जब लुटेरों को पकड़ लिया, तब तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली और शुक्रवार को जेल भेज दिया।
कार से भागने के दौरान गिरने से लगी थी चोट
सीओ सकीट संगम मिश्रा ने बताया कि बदमाशों के साथ महिला कार से उतरते समय भागी और फिसलकर घायल हुई है। उसको इलाज के बाद जेल भेजा जाएगा। अभी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
लुटेरों पर होगी गैंगस्टर की कार्रवाई
कार सवार बदमाशों की ओर से नेवी जवान व पत्नी को लूटने का प्रयास करने वालों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी। जघन्य वारदात को अंजाम दिया है। बच्चे को चलती कार से फेंकने से जान भी जा सकती थी।
-वर्जन
मैनपुरी के युवक व उसकी पत्नी के साथ लूटपाट करने का प्रयास करने व बच्चे को फेंकने के मामले में दो महिलाओं सहित 5 को पुलिस ने जन सहयोग से पकड़ा है। पहले भी वारदातें कर चुके हैं। गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार सिंह, एसएसपी