नेशनल हाइवे किनारे सीमेंट की दीवार बनाकर किया गया अतिक्रमण। संवाद
एटा। नेशनल हाईवे पर जगह-जगह अतिक्रमण हो रखा है जिसकी वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कहीं सीमेंट की दीवार बना ली गई है तो कहीं डिवाइडर पर उपले रखे जा रहे हैं। अतिक्रमण को अधिकारियों की ओर से नहीं हटाया गया है। बाईपास से गुजरते ही विरामपुर से आगे नेशनल हाईवे पर लोगों ने अतिक्रमण के रूप में दीवार का ही निर्माण करा लिया है। हाईवे के आला अधिकारियों को इसकी कोई सूचना नहीं है। दीवार का निर्माण सड़क पटरी के खत्म होते ही किनारे पर करा दिया गया है जिससे यहां पर रात के वक्त कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर ग्रामीणों की ओर से डिवाइडर के बीचोंबीच में उपले बनाए जा रहे हैं। कहीं पर तो उपलों का ऊंचा सा ढेर लगा दिया जा रहा है। इससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। नेशनल हाइवे के पीडी इंद्रेश ने बताया कि इस मामले की जानकारी नहीं है। टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी। अगर अतिक्रमण होगा तो उसे हटावाया जाएगा।