एटा। मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्र के साथ रैगिंग और अनुशासनहीनता के चलते 30 मेडिकल छात्रों को निलंबित कर दिया गया था। कॉलेज प्रशासन और छात्रों से बातचीत के बाद सोमवार को सभी का निलंबन वापस ले लिया गया।
प्रथम वर्ष के एक छात्र के परिजनों ने एक दिसंबर को मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से मिलकर शिकायत की थी। इस पर द्वितीय वर्ष के 30 छात्रों को रैगिंग और अनुशासनहीनता में आरोपित करते हुए छात्रावास से निष्कासित कर कॉलेज संबंधी सभी गतिविधियों से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद दो दिसंबर की रात वहां प्राचार्य के निरीक्षण के बाद छात्रों ने हंगामा किया। कमरे में बंद करने और परेशान करने के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। नारे लगाए। इस पर पुलिस को बुलाया गया।
3 दिसंबर को एएसडीएम अलंकार अग्निहोत्री सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर गए थे। यहां छात्रों व कॉलेज के प्रिंसिपल आदि से अलग-अलग बात कर मामले को शांत किया गया। रविवार तक निलंबन वापस नहीं लिया गया था। इससे छात्रों में रोष बना हुआ था। सोमवार को निलंबन वापसी की घोषणा कर दी गई।
30 छात्रों को अनुशासनहीनता के चलते निलंबित किया गया था। बातचीत के बाद इनको बहाल कर दिया गया है। वह सामान्य रूप से शिक्षण गतिविधियों में रह सकेंगे।
- डॉ. विवेक पाराशर, मीडिया प्रभारी, मेडिकल कॉलेज