एटा। रोडवेज बस स्टैंड चौकी पर बच्चे को अपना बताकर गोद ली हुई चालबाज महिला। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में आगरा रोड स्थित राखी गेस्ट हाउस में शनिवार को बनगांव निवासी एक युवती की शादी समारोह में गोकुलपुर थाना पिलुआ का एक परिवार भी शामिल होने के लिए आया था। यहां छह माह की एक बच्ची को अनजान महिला ने अपना बताकर बच्ची के मामा को पिटवा दिया। बाद में खुलासा होने पर भाग गई।
लाल सिंह निवासी बोर्राकलां थाना अवागढ़ ने बताया कि गेस्ट हाउस में शांति सिंह निवासी अलीगढ़ छह माह की भांजी वंशिका को उसकी मां की गोद से लेकर सड़क किनारे खिलाने के लिए लेकर गया था। टहलते हुए बस स्टैंड तक आ गया। यहां एक अनजान महिला मिली और बच्ची को छीनकर अपना दूध पिलाने लगी। चीख-पुकार मचा दी कि मेरा बच्चा छीनकर युवक ले जा रहा था।
मौजूद लोगों ने आवेश में आकर शांति सिंह की पिटाई कर दी। इस दौरान पुलिस भी आ गई। इस बीच पुलिस ने पहुंचकर दोनों की बात सुनी तो मामला उल्टा निकला। बच्ची की मां को बुलाया गया तो पूरा मामला खुल गया। इतने में महिला चुपके से भाग गई।
परिजनों का कहना है कि बस स्टैंड पर अनजान महिला ने बच्ची को ले जाने का प्रयास किया और पुलिस की लापरवाही से महिला भागने में कामयाब हो गई। कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर सिंह राघव ने बताया कि ऐसा कोई भी मामला सामने नहीं आया है। अगर ऐसा कुछ हुआ है तो जांच कराई जाएगी।