एटा। थाना मलावन क्षेत्र में युवती की दुकान व झोपड़ी में आग लगाने के बाद शनिवार को उसे व तीन परिजन को आरोपियों ने घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव नगला अगर निवासी प्रियंका ने बताया कि तीन नवंबर को परिजन सहित अदालत में तारीख पर गई थी। तब आरोपियों ने गांव में दुकान व झोपड़ी में आग लगा दी। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को नया खोखा रखने के लिए लाए थे।
आरोप है कि गांव के ही वीरेंद्र सहित छह लोगों ने एकराय होकर पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर उसे और तीन परिजन को घायल कर दिया और फोन भी तोड़ दिया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दूसरे पक्ष की ओर से भी ऐसे ही आरोप लगाए गए हैं। सरोज कुमारी की तहरीर पर अवधेश कुमार सहित पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सकीट सुनील कुमार त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही है। इसी को लेकर आग लगाई गई थी। शनिवार को भी हमला कर मारपीट की गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कार्रवाई की जा रही है।