एटा। जिले में किसान सरसों व आलू की बुवाई की तैयारी कर रहा है। इससे पहले खाद केंद्र पर डीएपी खरीदारी के लिए किसानों की भीड़ उमड़ रही है।
अलीगंज ब्लॉक के गांव दहेलिया में डीएपी लेने के लिए बुधवार को किसानों के बीच मारामारी हो गई, हंगामा हुआ। जिसकी वजह से वहां पर पुलिस बल तैनात किया गया। तब कहीं जाकर डीएपी का वितरण कराया गया।
दहेलिया में खाद के गोदाम पर सुबह से ही डीएपी वितरण शुरू कर दिया गया था। दोपहर में किसानों की भीड़ अधिक होने से लंबी कतार लग गई। वहां पर कुछ किसान ज्यादा डीएपी ले रहे थे। इसका विरोध किया गया तो हंगामा होने लगा।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस बल को भेजा गया। एआर कोऑपरेटिव महावीर सिंह ने बताया कि किसानों की भीड़ अधिक हो गई थी। जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भेजा गया था। सभी किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी वितरित कराई गई है।