एटा। जिले में 16 अक्तूबर को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज विभाग के 22 सफाईकर्मी ड्यूटी से गैरहाजिर रहे थे। इन सभी को जिला पंचायती राज अधिकारी ने निलंबित कर दिया है।
जिला पंचायती राज विभाग में करीब 852 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों को विकास खंड सकीट में स्थित मलावन कस्बा में बन रहे जवाहर तापीय परियोजना और शीतलपुर ब्लॉक के गांव मानपुर स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक साफ-सफाई के कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए सभी ब्लॉक के एडीओ पंचायत को भी निर्देशित किया गया था कि सभी सफाई कर्मचारी अपने सफाई से संबंधित उपकरण लेकर मौके पर पहुंचेंगे। लेकिन इस दौरान करीब 22 सफाई कर्मचारी ऐसे थे जो मौके पर सफाई के लिए नहीं पहुंचे।
जिला पंचायती राज अधिकारी केके सिंह चौहान ने सभी 22 सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। गौरतलब है कि डीपीआरओ द्वारा सफाई कर्मचारियों को निलंबित करने से पहले उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था। लेकिन सफाई कर्मचारियों द्वारा स्पष्ट जवाब न देने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।