वारयल वीडियो में रुपये लेती आरोपी महिला।
एटा/अलीगंज। ब्लॉक अलीगंज में एक महिला ने खुद को कर्मचारी बताकर एक युवक के साथ मिलकर ग्राम पंचायत स्तर पर नौकरी लगवाने के नाम पर 50 से अधिक लोगों को ठगी का शिकार बना लिया। इनसे करोड़ों रुपये ठगे गए हैं। लोगों को भरोसा दिलाने के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधियों को बैठकों में शामिल किया जाता था। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव राई नगला मधई निवासी ठगी के शिकार नेपाल सिंह ने रूबी शाक्य निवासी अगौनापुर और आजम खां निवासी मोहल्ला काजी अलीगंज के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर लगने वाली पानी की टंकियों पर नलकूप ऑपरेटर व महिला स्वास्थ्य मित्र की नौकरी लगवाने के नाम पर 30 हजार और ब्लॉक स्तर पर सुपरवाइजर की नौकरी के लिए 70 हजार रुपये वसूले गए। मेरे माध्यम से करीब 50 लोग फंस गए हैं, इनमें मेरे खास रिश्तेदार भी शामिल हैं।
बताया कि कस्बा अलीगंज में मेरा कॉमन सर्विस सेंटर है। यहां पर फोटो कॉपी कराने के लिए आजम खां आया। उसने एनजीओ के माध्यम नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। बाद में रूबी शाक्य आई और खुद को ब्लॉक में कर्मचारी बताया। जिले भर में ग्राम पंचायत स्तर पर पद भरे जाने की बात कही।
नेपाल सिंह ने बताया कि ब्लॉक में कई बार विधायक, बीडीओ और ब्लॉक प्रमुख के साथ बैठकें कराई गईं। इसमें लोगों को बुलाया जाता था ताकि उन्हें भरोसा हो जाए। जब जिम्मेदारी लोग बैठकों में शामिल थे तो यकीन हो भी गया। बताया दोनों को एटा के अलावा कासगंज और फर्रुखाबाद में भी नेटवर्क हैं। सभी जगहों से करोड़ों रुपयों की ठगी की गई है। बैठकों व रुपये देने के वीडियो भी उपलब्ध हैं।