एटा। सीएमओ कार्यालय में सीएचसी अधीक्षकों के साथ अधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान आयुष्मान कार्ड व संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर दिया गया। वहीं विशेष टीकाकरण अभियान को लेकर भी निर्देश दिए गए।
जिले में संस्थागत प्रसव की स्थिति ठीक नहीं है। यहां सरकारी अस्पतालों से ज्यादा प्रसव प्राइवेट नर्सिंग होमों में हो रहे हैं। इसको लेकर उच्चाधिकारियों ने नाराजगी जताई। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने सीएचसी अधीक्षकों से संस्थागत प्रसव में आ रही दिक्कतों के बारे में पूछा। वहीं एएनएम के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं के साथ प्रतिदिन बातचीत करने के निर्देश दिए। जिससे संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिल सके।
आयुष्मान कार्ड में जैथरा व सकीट ब्लॉक की स्थिति ठीक न होने पर सीएमओ ने विशेष ध्यान देने की बात कही। कहा कि जैथरा की स्थिति ज्यादा ही खराब है। लाभार्थियों के कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। वहीं जिले में चल रहे विशेष टीकाकरण अभियान को लेकर निर्देश दिए कि किसी भी ब्लॉक में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रतिदिन सभी सीएचसी अधीक्षक इसकी मॉनीटरिंग करें। एसीएमओ डॉ. राम सिंह सहित सभी सीएचसी अधीक्षक मौजूद रहे।