एटा। विद्युतकर्मियों पर की गई कार्रवाई वापस लेने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई वापस न होने से उनमें आक्रोश है। इस पर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने दिवाली का त्योहार सांकेतिक रूप से पूजन कर मनाने का निर्णय लिया है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी चंद्रभानु सिंह, आशीष शर्मा, लालाराम पुरी, राजू सिंह, दुर्गपाल सिंह आदि ने बताया कि बिजली कर्मचारी पूरे मनोयोग से बिजली की आपूर्ति कराने में लगे हैं। इसके साथ अन्य योजनाओं को भी चला रहे हैं। पूर्व में सभी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस लेने की घोषणा के बावजूद आठ माह बाद भी कार्रवाई वापस नहीं ली गई हैं।
जिससे बिजली कर्मी और उनके परिवारीजन अत्यधिक व्यथित हैं। ऐसी स्थिति में प्रदेश के साथ जनपद के बिजली कर्मचारी एवं उनके परिवारीजन इस वर्ष दिवाली पर सांकेतिक पूजन करेंगे। लेकिन प्रकाशोत्सव नहीं मनाएंगे। संजय कुमार, हरेंद्र कुमार, धीरेंद्र प्रताप सिंह, नरेश कश्यप, अनुराग शर्मा आदि कर्मचारी मौजूद रहे।