एटा। डिजिटल इंडिया पर जोर दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज में ऑनलाइन पर्चे काउंटर पर बनाए जा रहे हैं। काउंटर पर मरीजों की भीड़ लगती है। इस समस्या को लेकर कॉलेज प्रशासन द्वारा बार कोड जारी किया गया, लेकिन बार कोड के माध्यम से कॉलेज में प्रतिदिन सिर्फ दस मरीज ही पर्चा बना पा रहे हैं। लोगों को इसके बारे में जानकारी ही नहीं हैं।
मेडिकल कॉलेज में कंप्यूटर से ऑनलाइन पर्चे बन रहे हैं। जहां एक पर्चा बनवाने में मरीज या उसके तीमारदार को 35 से 40 मिनट तक लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इसके बाद पर्चा बनता है। कभी-कभी लाइन में पहले पर्चा बनवाने के लिए धक्का मुक्की तक हो जाती है। इसी को लेकर कॉलेज प्रशासन द्वारा बार कोड जारी किया गया। जिससे मरीजों को पर्चा बनवाने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसके लिए कॉलेज में संचालित तीन काउंटरों पर बार कोड के पर्चा चस्पा किए। जिससे मरीज या तीमारदार आसानी के साथ मोबाइल से स्कैन कर पर्चा बना सकें, लेकिन जानकारी के अभाव में बार कोड को कॉलेज में सिर्फ दस मरीज ही प्रयोग कर रहे हैं।