एटा। कस्बा जैथरा में 22 मार्च को पति के साथ बुखार की दवा लेने आई महिला की ड्रिप लगने के बाद मौत हो गई। इस मामले में जनपद न्यायाधीश ने चिकित्सक की अग्रिम जमानत अर्जी को खारिज कर दिया।
जिला शासकीय अधिवक्ता रेशपाल सिंह राठौर ने बताया कि अदालत में पुलिस से प्राप्त आख्या के मुताबिक जैथरा में रहकर क्लीनिक चला रहे कासगंज जिले के सुजावलपुर निवासी सूरज कुमार उर्फ सूरज सिंह के पास 22 मार्च को सबल प्रताप सिंह अपनी पत्नी संगीता को बुखार की दवा दिलाने के लिए अपने भाई अनुग्रह के साथ गया। सूरज ने उसे गलत ड्रिप लगा दी। जिससे संगीता की हालत बिगड़ी तो सूरज ने उन लोगों को अपनी गाड़ी से एटा भेजा।
चिकित्सक का ड्राइवर उन लोगों को बीच रास्ते में उतारकर चला गया। जब वह एंबुलेंस से एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो चिकित्सकों ने संगीता को मृत बताया। इस मामले के थाने में दर्ज होने पर आरोपी ने अग्रिम जमानत अर्जी पेश की। जिसे जिला जज अनुपम कुमार ने खारिज कर दिया।