अलीगंज। बिजली की जर्जर लाइनें कस्बे में बड़े हादसे को दावत दे रहीं हैं। लाइनों में जोड़ का जुगाड़ कर निगम विद्युत सप्लाई दे रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही जर्जर लाइनों का टूटकर गिरने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इससे जहां बार-बार फॉल्ट के चलते आपूर्ति बंद हो जाती है। वहीं लाइन जर्जर लाइनों से हादसों का खतरा बना हुआ है।
नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा में 500 मीटर के दायरे में विद्युत लाइन में करीब पचास जोड़ लगे हुए हैं। प्रतिदिन तार टूटकर गिरना आम बात हो गई है। गिरती लाइनों और बाधित विद्युत व्यवस्था ने गर्मी के मौसम में लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई बार तार बदलने को लेकर स्थानीय जन प्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं द्वारा निगम को अवगत कराया गया।
टूटते बिजली तारों और बाधित बिजली व्यवस्था के बारे में गुलजार उर्फ शेरू ने बताया की मेन बाजार में प्रतिदिन बच्चे और ग्रामीण लाइनों के नीचे से गुजरते हैं। तार टूटने से किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। नरेंद्र तोमर का कहना है की दिन भर लाइनों के टूटने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। घरेलू और व्यवसायिक कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
मोहल्ले के ही वसीम ने बताया की तार टूटकर गिर रहे हैं। निगम का इस और कोई ध्यान नहीं है। विद्युत उपखंड अधिकारी सोनू कुमार ने बताया नगर के सभी जर्जर तार एक महीने में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत बदले जाएंगे। तार बदलने के बाद फॉल्ट के साथ कम वोल्टेज की समस्या का भी समाधान होगा। तब तक उपभोक्ता संयम बनाए रखें।