एटा। विश्व मधुमेह दिवस पर शुगर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वहीं मेडिकल कॉलेज सहित सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इसमें 831 लोगों की जांच की गई। कई लोग ऐसे भी शुगर के मरीज निकले, जिन्हें इसकी जानकारी ही नहीं थी।
सीएमओ कार्यालय सभागार में संगोष्ठी के दौरान सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मधुमेह लोगों को धीमे-धीमे अपनी चपेट में ले लेता है। लोगों को जानकारी भी नहीं हो पाती। बदली दिनचार्या, खानपान में सतर्कता न बरतने और जागरूकता के अभाव में युवा भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। नोडल अधिकारी डॉ. राम मोहन तिवारी ने शुगर के लक्षणों तथा बचाव के बारे में जानकारी दी। बताया कि जिले में सभी सीएचसी सहित पीएचसी पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। डायबिटीज, हाइपरटेंशन की जांच की गई। 831 मरीजों की जांच में शुगर के 37 मरीज मिले। पंजीकृत मरीजों की जांच में पुरुषों के सापेक्ष महिलाओं में शुगर की मात्रा अधिक पाई गई।