एटा। पिलुआ थाना क्षेत्र के भदवास गांव के पास मौजूद एक ढाबे पर तैनात चौकीदार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृत चौकीदार के पुत्र ने घटना के बाबत अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पिलुआ थाना क्षेत्र के गठुर्रा गांव निवासी रामवकील (70) भदवास गांव के पास मौजूद एक ढाबे पर बतौर चौकीदार नौकरी करता था। बताया जाता है कि ढाबे पर वाहनों को रोकने के लिए वह टॉर्च दिखाने का काम करता था। सोमवार की रात 1 बजे के करीब रामवकील की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलने पर पिलुआ थाने की पुलिस ने मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। इस संबंध में मृत चौकीदार के पुत्र सुबोध ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।