एटा। परिवहन निगम के बेड़े में 20 नई बसें शामिल होने का आश्वासन करीब छह माह से दिया जा रहा है। होली के त्योहार पर पूरी उम्मीदें जताई जा रही थी कि नई बसें मिल जाएंगी, लेकिन अब तक बसें नहीं मिल सकी हैं। जबकि इस बीच 33 बसें नीलाम की जा चुकी हैं। बसों की कमी से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रोडवेज के बेड़े में 73 बसें निगम की और 57 बसें अनुबंधित संचालित हो रही है। अब तक छह माह में 33 बसों की नीलामी हो चुकी है। परिवहन निगम और यात्री बसों की कमी से जूझ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर अन्य पुरानी बसों को नीलाम कराने की प्रक्रिया अभी भी जारी है। करीब छह माह से नई बसों को भेजने का आश्वासन दिया जा रहा है लेकिन अब तक उम्मीदें पूरी नहीं हो सकी है।
लंबी दूरी की बसों में अच्छी स्थिति वाली ही भेजी जा रही हैं। पुरानी और अनुबंधित बसों को लोकल रूटों पर लगाया गया है। अनुबंधित 57 बसें हैं, इनका संचालन अलीगढ़, आगरा, फर्रुखाबाद रूटों पर किया जा रहा है। इसकी वजह से लंबी दूरी के यात्रियों को डिपो की कमी से समस्या उठानी पड़ रही है। बाहरी डिपो की बसों से ही अधिकांश यात्री सफर कर रहे हैं।
एआरएम राजेश यादव ने बताया कि छह माह पहले डिपो में निगम की 106 बसें थी। इनमें से पुरानी और कंडम 33 बसों को नीलाम किया जा चुका है। शासन स्तर से बसें जल्द आने की उम्मीद है। इसके बाद डिपो में बसों की संख्या में सुधार हो जाएगा।