सकीट। जल जीवन मिशन के तहत गलियों में पाइप लाइन डाली जा रही है। इस कार्य को जल निगम की ओर से कराया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार गांव की गलियों को खोद कर भूल गए हैं, इसकी वजह से परेशानी लोगों को झेलनी पड़ रही है।
ग्राम पंचायत मुबारिकपुर सराय, लोथरा, ग्राम पंचायत अंगदपुर, सवलपुर आदि में जल जीवन मिशन के तहत घरों तक जल पहुंचाने के लिए गलियों के बीच गड्ढे खोदे गए, लेकिन बाद में भरे नहीं गए हैं। इनमें लोगों को राह चलने में बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है। जबकि तीन चार महीने पहले गांव की गलियों की खुदाई की गई थी लेकिन अब तक कुछ जगह पानी की पाइपलाइन बिछ गई है और कुछ जगह अब तक नही बिछ सकी है। जहां कार्य पूर्ण हो गया है वहां की गलियों की मरम्मत भी नही की गई है।
ग्राम अंगदपुर सवलपुर, मुबारिकपुर सराय आदि में तो अब तक टंकी बनने का कार्य शुरू भी नहीं हुआ लेकिन गांव की सड़कें खोदकर खराब कर दी गई है। जबकि प्रधानों की ओर से अनेकों बार शिकायतें की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नही हुई है। वहीं ग्राम प्रधान मुबारिकपुर सराय सचिन वर्मा ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत घर-घर जल पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत के लिए बनाई जाने वाली पानी की टंकी के लिए अभी बुनियाद भी नही रखी गई है। लेकिन गांव की गलियां पहले से ही खोद दी गई है जिससे गलियों से निकलने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।