एटा। रोडवेज बसों के 33 परिचालकों को कम आमदनी देने पर निगम ने उनके वेतन से 21 हजार रुपये कटौती की है। सुधार न होने पर दूसरे डिपो में संबद्ध करने की चेतावनी भी दी है। परिवहन निगम के नियमानुसार 65 फीसदी से ऊपर लोड फैक्टर देना होता है। इससे कम देने वाले परिचालकों की कार्य क्षमता में कमी मानी जाती है।
परिवहन निगम के 33 परिचालकों द्वारा नवंबर माह में 65 से कम लोड फैक्टर (कम आमदनी) दिया गया है। सबसे कम लोड फैक्टर परिचालक किशनवीर सिंह द्वारा दिया गया है। महज 42 लोड फैक्टर के चलते इनके वेतन से 1200 रुपये की कटौती की गई है। जबकि तीन से एक-एक हजार, दो से 800-800, पांच से 700-700, 15 से 600-600 और सात से 500-500 रुपये कटौती की गई है। नवंबर माह में कुल कटौती 21 हजार 800 रुपये की हुई है।
एआरएम राजेश यादव ने बताया कि 65 फीसदी से कम लोड फैक्टर लाने वाले परिचालकों को बार-बार सुधार करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बाद भी नवंबर माह में 33 परिचालकों ने 60 फीसदी से कम आमदनी दी है। इसके चलते वेतन से कटौती की गई है। इनको चेतावनी दी गई है कि अगर सुधार नहीं हुआ तो ऐसे परिचालकों को दूसरे डिपो में संबद्ध किया जाएगा।