सैलई के निकट सड़क हादसे में युवक की मौत से ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। जिससे यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
जितेंद्र पुत्र होरी लाल की सैलई के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो जाने की सूचना जैसे ही ग्राम फतेहपुर पहुंची वैसे ही उसके परिवारीजन व अन्य ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया। जाम लग जाने से मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। जब इस बात की जानकारी पुलिस को हुई तो पुलिस मौके पर आ गई। सूचना पर एसडीएम भरत लाल सरोज व सीओ शैलेंद्र लाल मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीण चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने व पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने आदि की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने ग्रामीणों का समझा बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों को मदद का भरोसा दिया गया। इसके बाद ग्रामीण शांत हो गए। पुलिस ने अवरोधक हटवाकर जाम खुलवाने के बाद यातायात को सुचारु कराया। हादसे की तहरीर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस को दी गई है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई नहीं हो सकी है।