नगर में रविवार को सुनार से 12 ग्राम की सोने की झुमकी लूटकर दो युवक फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जवाहरगंज स्थित महादेव शिव मंदिर के नीचे विष्णु स्वर्णकार की दुकान पर दोपहर एक बजे दो युवक सोने की झुमकी खरीदने आए। दुकान स्वामी ने कानाें की झुमकी दिखाने को दी। युवकों ने 12 ग्राम की दो झुमकी को हाथों में देखते देखते मुट्ठी में रख कर दौड़ लगा दी। स्वर्णकार जब तक हल्ला मचाता, दोनों युवक रफूचक्कर हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी हेमपाल सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर युवकों की सघन चेकिंग कराई, मगर कोई नहीं मिला। दुकानदार ने अज्ञात युवकों के विरुद्ध तहरीर कोतवाली पुलिस को दी।