साइड नहीं देने पर सिपाही और होमगार्ड ने ट्रैक्टर चालक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इस पर भड़के ग्रामीणों ने दोनों को पीटा । होमगार्ड मौका देखकर भाग निकला लेकिन सिपाही को लोगों ने बंधक बनाकर निधौलीकलां-जलेसर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे अफसरों ने सिपाही को मुक्त कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान घंटे भर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। इस मामले में दोनों तरफ से एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं एसएसपी ने आरोपी सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया।
थाना निधौलीकलां के गांव सोरखा निवासी जितेंद्र ट्रैक्टर से गुरुवार देर रात घर लौट रहा था। तभी सामने से थाना निधौलीकलां में तैनात सिपाही दिनेश शर्मा और होमगार्ड दानवीर बाइक से आ गए। साइड नहीं मिलने पर सिपाही और होमगार्ड की बाइक अनियंत्रित होकर कूड़े के ढेर पर चढ़ गई। फिर क्या था दोनों ने ट्रैक्टर चालक जितेंद्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। शोर सुनकर गांववाले बीच बचाव को दौड़े, तो आरोप है कि सिपाही और होमगार्ड ने ग्रामीणों से भी अभद्र्रता की। इससे भड़के गांववालों ने दोनों को पकड़कर इनकी भी पिटाई कर दी। मौका पाकर होमगार्ड तो भाग निकला लेकिन सिपाही को बंधक बनाकर निधौलीकलां-जलेसर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर एएसपी क्राइम अनूप कुमार सर्किल फोर्स, दो सीओ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर घंटे भर बाद जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष निधौलीकलां हरिभान सिंह ने बताया कि पीड़ित जितेंद्र ने सिपाही, होमगार्ड के खिलाफ और सिपाही ने जितेंद्र समेत 50 ग्रामीणों के खिलाफ बंधक बनाकर पिटाई करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने सिपाही दिनेश शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है।