ढाबा संचालक की रविवार को दिन दहाड़े बाइक सवार नकाबपोश हत्यारों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। प्रभारी एसपी राधे मोहन भारद्वाज सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के इस मामले से मोहनपुरा इलाके में सनसनी बनी हुई है।
हत्या का शिकार रोहिताश उर्फ लालू पुंढीर (42) पुत्र नरपत सिंह निवासी कातौर हुआ। दोपहर को वह अपने ढाबे पर शेव बनवा रहा था। इसी समय बाइक सवार नकाबपोश हत्यारे यहां पहुंचे। उन्होंने रोहिताश पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। लोग उन्हे लहूलुहान अवस्था में कासगंज चिकित्सालय ला रहे थे लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। युवक के शव को जिला चिकित्सालय में रखा गया। यहां उसके परिवारीजन एवं काफी संख्या में गांव के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने परिवारीजनों एवं ढाबे के कार्यरत कर्मियों से भी पूछताछ की है। हत्या के पीछे रंजिश का मामला बताया जा रहा है।
प्रभारी एसपी राधेमोहन भारद्वाज ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। हत्या किसने की है और क्या कारण है यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया कि युवक के ऊपर भी कई मामले दर्ज हैं। यह मामला रंजिश से जुड़ा भी हो सकता है।