एटीएम नंबर पूछकर दो बार में खाते से तीस हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद जानकारी हुई। मोहल्ला कटरा निवासी प्रताप सिंह ने पुलिस को तहरीर दी उनका पीएनबी में खाता है। शुक्रवार को मोबाइल पर कॉल आई। खुद को बैंक अधिकारी बता कॉल करने वाले ने उससे खाते की जानकारी ली। इसके बाद एटीएम का नंबर पूछ लिया। जानकारी के दौरान पिन नंबर भी पूछ लिया। फोन कटने के कुछ देर बाद ही खाते से दो बार में तीस हजार रुपये निकाल लिए। मैसेज आने के बाद पीड़ित को जानकारी हुई। पीड़ित ने तहरीर दी है। गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह में साइबर अपराध के पांच से अधिक मामले सामने आए हैं। हाल में ही जैथरा के एक युवक के खाते से रुपये निकाले गए थे। शहर में तीन लोगों के खाते से लाखों रुपये निकाले गए हैं। पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।