चचेरे भाइयों ने भाई को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला
- फोटो : social media
उत्तर प्रदेश के एटा में दो दिन पहले मामूली कहासुनी पर चचेरे भाइयों ने युवक को लाठी-डंडों से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर गांव के लोग भी जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
घटना मलावन थाना क्षेत्र के परतापुर गांव की है। गांव निवासी सुनील कुमार (32) की मौत हुई है। भाई बोधपाल ने बताया कि नौ अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे बड़ा भाई सुनील घर की छत पर खाना खा रहा था। तभी चाचा राधेश्याम शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर चचेरे भाई पुष्पेंद्र, राजीव, राजेंद्र, अखिलेश और नेम सिंह लाठी-डंडे लेकर आ गए। खाना खाते हुए ही भाई की पिटाई शुरू कर दी। उसे बुरी तरह से पीटा। पिता प्रेमचंद्र बचाने आए तो उन पर भी हमला कर दिया। लाठी लगने से पिता भी घायल हो गए।
आरोपियों के खिलाफ नामजद कर तहरीर दी गई
बताया कि गंभीर रूप से घायल भाई को मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां से रेफर कर दिया गया। तब फतेहगढ़ में परिचित एक निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए ले गए। यहां सोमवार की रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बोधपाल की ओर से आरोपियों के खिलाफ नामजद कर तहरीर दी गई है।
शादी में सुनील ने लड़की पक्ष से मध्यस्थता की थी
थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि आरोपी नेम सिंह की शादी में सुनील ने लड़की पक्ष से मध्यस्थता की थी। नेम सिंह ने अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा किया तो लड़की वालों ने उलाहना दिया था। इसे लेकर शराब पीकर राधेश्याम ने गाली-गलौज की। सबने मिलकर सुनील की पिटाई कर दी। युवक की पिटाई करने का मुकदमा नौ अप्रैल को ही दर्ज कर लिया था। अब मौत होने पर गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी है।