एटा। मिरहची थाना क्षेत्र में एक गोदाम का काम कराने का पैसा न मिलने पर ठेकेदार सोमवार दोपहर निर्माणाधीन गोदाम में ही फंदा लगाकर लटक गया। मौके पर मौज़ूद लोगों ने उसको फंदे से उतारा। मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उसको घर भेज दिया गया।कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव विजोरी निवासी सोनपाल (40) ठेका लेकर गोदाम बनाने का कार्य करता है। उसके भाई बबलू ने बताया कि सोनपाल ने मिरहची थाना क्षेत्र के दतेई गांव में खाद-यूरिया के गोदाम बनाने का ठेका लिया था। जिसमें अन्य काम के लिए भी कुछ ठेकेदार भाई द्वारा लगाए गए थे। जिसका करीब 51 लाख रुपया बकाया हो गया था। जिसके लिए लगातार समिति के अध्यक्ष सचिन उपाध्याय से बिल पास कराने का आग्रह किया जा रहा था। आरोप लगाया कि बिल पास कराने के लिए 14 लाख रुपये कमीशन मांगा जा रहा था। जिसके चलते भाई कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे।
सोमवार की सुबह भाई निर्माणाधीन गोदाम में गए तो बेल्डिंग ठेकेदार अपने पैसे मांगने लगा। जिसके बाद भाई ने उत्तर प्रदेश सहकारी केंद्रीय थोक उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के अध्यक्ष सचिन उपाध्याय से भुगतान करने की मांग की। लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसी बात से क्षुब्ध होकर सोनपाल ने गोदाम में ही फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। फंदे पर लटका देख गोदाम में मौज़ूद काम कर रहे लोगों ने उसको उतारा और हम लोगों को सूचना दी। बाद में भाई को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उपचार करने के बाद हालत में सुधार होने पर घर ले जाने को कह दिया।
निर्माण कार्य के सत्यापन के बाद ही भुगतान किया जा सकता है। अभी सत्यापन नहीं हुआ है। कमीशन के आरोप बिल्कुल गलत हैं। चुनाव के समय में मेरी राजनीतिक छवि बिगाड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। - सचिन उपाध्याय, अध्यक्ष, उप्र सहकारी केंद्रीय थोक उपभोक्ता भंडार लिमिटेड
-