सीएमओ कार्यालय के बाहर संविदा कर्मचारी प्रदर्शन करते हुए। संवाद
एटा। नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया और अपनी मांगों के समर्थन में कार्यालय के बाहर विरोध जताया।उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर दूसरे दिन जिलेभर में एनएचएम के संविदा कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया। उन्होंने कर्मचारियों से 8 से 10 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर प्रस्तावित धरने में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।उन्होंने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं में तैनात कर्मचारी रोस्टर के अनुसार धरने में शामिल होंगे, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय से विभाग में सेवाएं दे रहे संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, कैशलेस बीमा, ईपीएफ, ग्रेच्युटी और एचआरए शामिल हैं। उनका आरोप है कि कई वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद इन मांगों पर सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 12 अक्टूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदेशभर के एनएचएम संविदा कर्मचारी विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे।