एटा। जवाहरपुर तापीय परियोजना मलावन के सभाकक्ष में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें आवासीय काॅलोनी की भूमि के स्थानांतरित न होने पर कर्मचारियों में आक्रोश रहा।
बैठक की अध्यक्षता इं. श्याम सुंदर सिंह ने की। इस दौरान सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि यदि पूर्व में प्रस्तावित कॉलोनी परिसर स्थल पर ही वर्तमान की परिस्थितियों में कॉलोनी का निर्माण किया जाता है, तो समस्त बिजली कर्मचारियों द्वारा पुरजोर विरोध किया जाएगा। कॉलोनी की पूर्व दिशा में कोयला प्लांट एवं दूसरी दिशा में सीमेंट फैक्टरी होने से उच्चतम स्तर के वायु एवं ध्वनि प्रदूषण के कारण कॉलोनी परिसर में कोई भी कार्मिक नहीं रह पाएगा। कैंसर, सांस, दमा जैसी गंभीर बीमारियों का कार्मिकों एवं उनके परिजन को खतरा हो जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कॉलोनी परिसर की स्थापना के संबंध में ऊर्जा विभाग के उच्च प्रबंधन एवं जिला प्रशासन से मांग की गई कि प्रदूषण स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए मानवीयता के आधार पर कॉलोनी परिसर का अन्य प्रदूषण मुक्त क्षेत्र में निर्माण किया जाए। जिससे कर्मचारी निरोगी रहकर विद्युत उत्पादन कर सकें। चंद्रभानु सिंह, लालाराम पुरी, आशीष शर्मा, सुमंत यादव, रविंद्र श्रीवास्तव, राजू सिंह, दुर्गपाल सिंह आदि मौजूद रहे।