एटा। अलीगंज क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के विशेष प्रयासों से क्षेत्राधिकारी कार्यालय, आवास व नई पुलिस चौकी के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए आवश्यक भूमि पुलिस विभाग को हस्तांतरित करने संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है।जिलाधिकारी ने बताया कि अलीगंज में लंबे समय से क्षेत्राधिकारी कार्यालय, आवास व पुलिस चौकी के लिए उपयुक्त भूमि की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। हाल ही में पुरानी तहसील परिसर स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय के निरीक्षण के दौरान इस विषय पर गंभीरता से विचार किया गया। छह जून को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एसएसपी के साथ हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई। राजस्व अभिलेखों और उपलब्ध भूमि का परीक्षण कराया गया। जांच के उपरांत तहसील अलीगंज में पुलिस विभाग को हस्तांतरित करने का आदेश जारी किया गया। इसी भूमि पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय, आवास तथा कस्बा अलीगंज पुलिस चौकी का निर्माण प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्यों का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नए भवनों के निर्माण से पुलिस अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। साथ ही आम जनता को भी त्वरित और बेहतर पुलिस सेवाओं का लाभ मिलेगा।