एटा/मारहरा/मिरहची/निधौली कलां। मौसम का मिजाज लोगों को हैरत में डाल रहा है। रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। इससे तापमान में कमी आई। अधिकतम 27 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन यह मौसम किसानों के लिए चिंताजनक बना हुआ है। कई किसानों की कटी फसल और भूसा खेत में पड़ा है, जो बरसात से भीग गया। मारहरा में तेज हवा के साथ बारिश किसानों की मेहनत पर पानी फेरती नजर आई। किसान मोहित कुमार ने बताया कि कटी पड़ी फसलों का थ्रेशिंग कार्य रुक गया है। खेतों में गेहूं की काटी गई फसल फैल गई है। बारिश होने से भूसा भीग गया है। निधौली कलां में भी बारिश होने से मौसम खुशनुमा रहा। इसका लोगों ने खूब आनंद लिया, लेकिन किसानों की परेशानी बढ़ गई। इसके अलावा मिरहची, सकीट सहित अन्य हिस्सों में भी बरसात हुई।