एटा। जिले में कोविड के टीकाकरण से अभी भी किशोर वंचित हैं। जबकि बच्चों ने जागरूकता दिखाकर उन्हें मात दे दी है। मार्च से ही उनका टीकाकरण शुरू हुआ था और करीब पांच महीने में शत प्रतिशत टीकाकरण हो गया। जबकि जनवरी से चल रहा किशोरों का टीकाकरण अभी भी अधूरा है। करीब तीन हजार बच्चे टीकाकरण से वंचित हैं।
कोरोना टीकाकरण के लिए 15 से 17 आयु वर्ग के एक लाख 24 हजार 454 किशोर चिह्नित किए गए थे। जनवरी 2022 में इनका टीकाकरण शुरू किया गया। स्वास्थ्य, शिक्षा और पंचायती राज विभाग को जागरूक करने और टीकाकरण कराने की जिम्मेदारियां दी गईं। चिह्नित किशोरों में से अब तक 121207 का टीकाकरण हो गया है और 3247 वंचित हैं। जबकि दूसरी डोज से 10999 किशोर छूटे हुए हैं। वहीं 12 से 14 वर्ष की उम्र वाले बच्चों का टीकाकरण मार्च में शुरू किया गया था। 75170 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य था। पांच महीनों में लक्ष्य को पूरा कर लिया गया था। सभी को पहली डोज लगा दी गई है। जबकि 80 प्रतिशत बच्चों को दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है।