एटा। रोडवेज वर्कशॉप के अंदर बस अड्डे के निर्माण को लेकर काफी समय पहले प्रस्ताव दिया गया था। सरकार की ओर से प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। यहां से आगरा-बरेली रूट की बसें मिलेंगी और यहां कार्यरत कर्मचारियों के लिए अंदर ही आवास भी बनाए जाएंगे। एएआरएम के मुताबिक 25 करोड़ रुपये का बजट शासन ने स्वीकार किया है।
शहर के अंदर बने बस स्टैंड में जगह की कमी और सड़क पर खड़ी होती बसों के चलते जाम लगने से समस्या होती है। इसको लेकर शासन की ओर से शहर के बाहर और रोडवेज वर्कशॉप में नया बस स्टैंड बनाने के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। शहर से बाहर तो अभी तक जगह का चयन नहीं हो सका है, मगर अंदर वर्कशॉप में निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि वर्कशॉप के अंदर आगरा-बरेली रूट पर चलने वाली बसों के लिए स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। जिससे शहर के बीचों-बीच बने हुए स्टैंड पर भीड़ का भार कम होगा। जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए नए आवास भी यहीं बनाए जाएंगे।
नए बस अड्डे का नाम होगा सैटेलाइट
रोडवेज का वर्कशॉप काफी पुराना होने की वजह से जर्जर हो चुका है। इसको तोड़कर नए नक्शे के हिसाब से निर्माण किया जाएगा। क्षेत्रफल भी काफी अधिक होने की वजह से नए बस स्टैंड और आवास आदि का आसानी के साथ निर्माण हो सकेगा। एआरएम ने बताया कि वर्कशॉप के अंदर बनने वाले स्टैंड का नाम सैटेलाइट बस अड्डा होगा। नई इमारत बनने से बहुत सी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। शहर के अंदर बस स्टैंड के सामने जीटी रोड और आगरा रोड पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।