मिरहची। जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव घर-घर पेयजल मुहैया कराने का सपना लोगों को दिखाया गया, लेकिन इसके साकार होने में बजट का रोड़ा अटक गया है। टेंडर के अनुसार पैसा न मिलने से ठेकेदार काम छोड़कर जा रहे हैं। कई ग्राम पंचायतों में पाइप लाइन और टंकी निर्माण का काम अधूरा पड़ा हुआ है।
जल जीवन मिशन के तहत सरकार द्वारा हर घर नल से जल योजना को लेकर टेंडर निकाले गए। निर्धारित प्रक्रिया के तहत टेंडर होने पर कार्य शुरू भी करा दिया गया। पिछले साल से लगातार कार्य चल रहा था, लेकिन अब तक ब्लाॅक क्षेत्र की किसी भी ग्राम पंचायत पर पानी की टंकी और पाइपलाइन का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। कहीं पाइप लाइन अधूरी पड़ी है तो कहीं पानी की टंकी पर कार्य चल रहा है। काम करा रही कंपनी पर ठेकेदारों ने कार्य का पैसा न देने का आरोप लगाया है। कई ठेकेदार तो सामान को लेकर कार्य छोड़कर भी जा चुके हैं। गांवों में खुदी पड़ी गलियों को लेकर लोग परेशान हैं। एक ठेकेदार ने बताया कि कंपनी हमको कार्य का पैसा नहीं दे रही है। शासन से बजट न मिलने का बहाना कर लौटा दिया जाता है। श्रमिकों के लिए खर्चा और मैटेरियल के लिए पैसा न मिलने से काम को अधूरा छोड़कर जाना मजबूरी बन गया है।
विभाग द्वारा संबंधित संस्था को लगातार भुगतान किया जा रहा है, वो अन्य ठेकेदारों को पैसा नहीं दे रहे तो यह उनका आंतरिक मामला हो सकता है। विभाग का जोर कार्य समय से कराने पर है। - डीके सिंह, अधिशासी अधिकारी जल निगम