एटा। जिला पंचायत परिसर स्थित जनेश्वर मिश्र हॉल में पुलिस की ओर से ऑपरेशन जागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक शलभ कुमार माथुर ने कहा कि महिलाएं हिंसा और बालिकाएं अपराध होने पर चुप्पी तोड़ें, तभी अपराध में कमी और अपराधियों पर कार्रवाई हो सकेगी। ऑपरेशन जागृति का मक्सद अपराध होने के बाद चुप बैठने वाली महिलाओं और बालिकाओं को जागृत करना है।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा हो या फिर अन्य अपराध, चुप रहने की जरूरत नहीं है। खुलकर अपनी बात रखें ताकि अपराधियों के हौंसलों को पस्त किया जा सके। एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने साइबर अपराध को लेकर कहा कि तमाम एप और वेबसाइट अनजाने में खोलकर हम आसानी से परमीशन दे देते हैं। यही वजह है कि साइबर अपराध बढ़ रहा। सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन जागृति के तहत चार बिंदुओं पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला नोडल अधिकारी एवं डीडीओ प्रवीण कुमार राय, यूनीसेफ के शीलेंद्र सिंह, अनिल यादव, जीजीआईसी प्रधानाचार्य नीतू सिंह, बृजवाला वरिष्ठ ने भी महिलाओं को जागरूक किया। सीओ यातायात संजय सिंह, सीओ सकीट कृष्ण मुरारी, सीओ लाइन संगम लाल मिश्रा, प्रमोद गुप्ता, दिनेश वार्ष्णेय, बीपीएस प्रबंधक अशोक यादव आदि मौजूद रहे।
छात्राओं ने डीआईजी से किए सवाल
कार्यक्रम में तमाम विद्यालयों से आए छात्राओं ने भी डीआईजी से सवाल किए। बीपीएस स्कूल की छात्रा नंदनी व अदिति भारद्वाज ने नाबालिग के साथ हो रही दुष्कर्म की घटनाओं की रोकथाम पर सवाल पूछे। छात्रा प्रज्ञा, अंशिका, प्रतिज्ञा के सवालों के भी डीआईजी ने जवाब दिए।
पिंक बूथ का किया उद्घाटन
जीटी रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड की पुलिस चौकी पर पिंक बूथ का उद्घाटन डीआईजी ने फीता काटकर किया। कहा कि पिंक बूथ का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित रखना है। बूथ पर महिला हेल्पडेस्क बनाई गई है, यहां पर शहर और बस स्टैंड पर आने वाली महिलाएं अपनी समस्या को रख सकती हैं। इस बूथ से महिलाओं की 24 घंटे सुनवाई होगी।