वैक्सीन लगवाते डीएम अंकित अग्रवाल ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए 18 वर्ष से 59 वर्ष की आयु वर्ग के 6.80 लाख लोगों को बूस्टर डोज लगाने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई। छह माह पूर्व दूसरी डोज लगवाने वालों को भी वैक्सीन लगाई जा सकेगी, ऐसे लोग कोरोना वैक्सीन केंद्रों पर पहुंचकर टीकाकरण करा सकते हैं।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंडी समिति पहुंचकर कोविड टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया और डीएम ने जिले के लोगों से कोविड के संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण कराने की अपील भी की गई। डीएम ने कहा कि कोविड टीकाकरण की बूस्टर डोज लगवाए जाने के लिए जनपद में 115 केंद्र स्थापित किए गए हैं। कोविड पोर्टल पर जिले के 680022 लोगों की बूस्टर डोज लंबित है। जिसे अतिशीघ्र अभियान चलाकर लगवाया जाना है। पोर्टल के माध्यम से बूस्टर डोज लगवाने के लिए लाभार्थियों के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जाएगी।
उन्होेंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के ग्राम स्तरीय कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम आदि को निर्देश दिए कि जन जागरूकता के माध्यम से वैक्सीन लगवाने के लिए घर-घर जाकर जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ. रिषभ सक्सेना ने बूस्टर डोज भी लगवाई। सीएमओ डॉ. उमेश कुुमार त्रिपाठी ने कहा कि शुक्रवार से 18 सितंबर तक लगातार बूस्टर डोज 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों को लगाई जाएगी। डीआईओ डॉ. रामसिंह ने कहा बताया कि बूस्टर डोज लगने के बाद शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है इसलिए प्रीक्यूशन डोज लगवाना बहुत जरूरी है।