एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार की रात करीब 9 बजे कार की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जब कि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बरात में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी हादसे के शिकार हो गए। जब कि अन्य हादसे में एक दंपती सहित 6 लोग घायल हुए हैं, इनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, एक युवक को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के ही गांव सैंथरा बनवारीपुर निवासी राकेश कुमार (50) की मौत हुई है। जब कि गांव का ही साथी नरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल के भाई अजय कुमार ने बताया कि दोनों अपने दोस्त के बेटे की बरात में शामिल होने के लिए गांव नौगांव जा रहे थे। रात करीब 9 बजे बाइक से मरथरा और काली नदी के बीच पहुंचे तभी कार ने टक्कर मार दी। इसकी वजह से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, यहां इलाज के दौरान रात करीब 10:45 बजे राकेश की मौत हो गई। जब कि भाई को मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के बाद हालत में सुधार हो गया है।
वहीं थाना रिजोर क्षेत्र शिकोहाबाद रोड स्थित एका मोड़ के पास सोमवार की शाम करीब 7 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रवेश कुमार और इसकी पत्नी सुमाला देवी निवासी गांव नगला स्वामी थाना एका जिला फिरोजाबाद घायल हो गए। दंपती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, यहां से युवक को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया। जबकि कोतवाली देहात क्षेत्र कासगंज रोड स्थित गांव बदरिया के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार ममता देवी और देवर शैलेंद्र सिंह निवासी गिरौरा घायल हो गए। वहीं अन्य हादसों में घायल धनीराम निवासी बीगोर थाना रिजोर और कालीचरन निवासी धरौली थाना जैथरा को भी मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।