जलेसर क्षेत्र में 12 वर्षीय बेटे के साथ विद्यालय से घर लौट रही थी शिक्षिका
महिला को नशीला पदार्थ सुुंघाकर नकदी, जेवर व सामान ले गए बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा/जलेसर। थाना जलेसर क्षेत्र में स्कूटी सवार शिक्षिका का बैग छीनकर बाइक सवार बदमाश शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे भाग गए। शिक्षिका अपने बेटे के साथ घर लौट रही थी। तभी बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र में एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी, जेवर और सामान बदमाश ले गए।
जलेसर स्थित आगरा अड्डा के पास रहने वाली शिक्षिका मीरा यादव ने बताया कि वह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अवागढ़ में तैनात हैं। यहां से घर के लिए स्कूटी पर सवार होकर 12 साल के पुत्र गोविंद यादव के साथ लौट रही थी। रामगढ़ी पेट्रोल पंप के पास बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बेटे के हाथ से बैग छीन लिया। इसमें दो मोबाइल, घर व विद्यालय की चाबियां और दो हजार रुपये रखे थे। थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। एक सीसीटीवी कैमरे में तीनों बदमाश दिखाई दे रहे हैं, जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं, कोतवाली नगर में पपीता देवी निवासी साउसपुर थाना मिरहची ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि 27 जून की शाम करीब 5.30 बजे मंगल बाजार से सामान खरीदकर नन्नूमल चौराहा पर पहुंची थी। बाइक पर दो बदमाश आए और कुछ पूछने लगे। तभी रूमाल में कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। अर्द्धबेहोश होने पर कानों के टॉप्स, गले से सोने की चेन और सामान का थैला ले गए। इसमें कुछ रुपये भी थे। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि महिला के बताए अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।