एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला फतेह में बुधवार को खेत पर जाते समय एक किसान दंपती को बाइक ने टक्कर मार दी। महिला की मौत हो गई, पति घायल हो गया।
गांव नगला फतेह निवासी किशोरीलाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी गुलाबश्री देवी (42) के साथ खेत पर फसल देखने जा रहे थे। तभी रास्ते में सड़क किनारे चलते समय पीछे से बाइक से टक्कर लग गई। हादसे में हम दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घर पर सूचना दी और हमें एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भिजवाया।
चिकित्सक ने गुलाबश्री की हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया। परिजन लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में गुलाबश्री ने दम तोड़ दिया। जानकारी मिलते ही घर में चीत्कार मच गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम गृह भेज दिया गया है।