एटा। मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को आयुष्मान के 45 लाभार्थी मरीजों का इलाज किया गया। सोमवार को कॉलेज में एडी स्वास्थ्य भी जांच-पड़ताल के लिए पहुंचीं थीं। वहीं बृहस्पतिवार को सीएमएस डॉ. अशोक कुमार ने चिकित्सकों के साथ बैठक की। इस दौरान लाभार्थी के पर्चे पर काउंटर पर ही मुहर लगवाने की बात कही। इससे मरीज की जानकारी चिकित्सकों को हो सके। कॉलेज में अलग से लाभार्थियों के बैठने की व्यवस्था को लेकर भी बात की गई।
सोमवार को एडी ने आयुष्मान योजना में कार्य कर रहे कर्मियों पर नाराजगी जताई थी। कहा कि योजना के लिए बेहतर ढंग से कार्य किया जाए। इसी के बाद बृहस्पतिवार को सीएमएस ने इमरजेंसी इंचार्ज डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने अलावा प्रत्येक विभाग के एचओडी के साथ बैठक की। बैठक में सीएमएस ने कहा कि आयुष्मान के लाभार्थियों को वरीयता दी जाए। उनके बैठने का इंतजाम अलग से किया जाए।
इसके अलावा लाभार्थी के पर्चे पर आयुष्मान की मुहर लगाई जाए जिससे चिकित्सक को भी जानकारी मिल जाए कि लाभार्थी आयुष्मान योजना का है। वहीं आयुष्मान कक्षों में फ्लैक्स लगवाने पर चर्चा की गई। चिकित्सकों से कहा गया कि अधिक से अधिक लाभार्थियों काे भर्ती कर उपचार किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए।