एटा। भीषण गर्मी में ओवरलोडिंग से केबल व ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति बेहद कम मिल पा रही है। लाइनें दुरुस्त रहें इसके लिए तीनों वितरण खंडों के अधिकारियों ने पांच किलोमीटर केबल की मांग की थी, लेकिन तीनों वितरण खंड में सिर्फ 600 मीटर ही केबल मिली है।
जिले में चालीस विद्युत केंद्र हैं। करीब सवा दो लाख उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं को गर्मी में भरपूर बिजली देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए रोस्टर भी जारी कर दिया गया है कि शहर में 24, तहसील में 22 व ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली की आपूर्ति दी जाए। इन दिनों एसी, कूलर, फ्रिज जैसे भारी लोड वाले उपकरणों का उपयोग अधिक किया जा रहा है। ऐसे में ट्रांसफार्मर ओवरलोड से फुंक रहे हैं। जबकि केबल जल रहीं हैं।
बीते दिनों शहरी अधिशाषी अभियंता ने लाइनों को दुरुस्त करने के लिए तीन किलोमीटर व ग्रामीण प्रथम और द्वितीय ने एक-एक किलोमीटर केबल उच्चाधिकारियों से मांगी, लेकिन तीनों अधिकारियों को दो-दो सौ मीटर केबल दी गई है। इससे कि फाॅल्ट होने पर केबल का टुकड़ा लगाकर उसको दुरुस्त कर आपूर्ति शुरू की जा सके।