एटा। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी की मौजूदगी में डीएम अंकित अग्रवाल ने बेसिक शिक्षा विभाग में नवनियुक्त 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
डीएम ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित पैरामीटर के आधार पर कार्य कराने में सहयोग प्रदान करें। कोरोना काल के दौरान बच्चों को छोटे-छोटे ग्रुप में विभाजित कर शिक्षा प्रदान की जाए। जिससे कि बच्चे शिक्षा से वंचित न रहें। भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन और दोनों विधायकों ने भी नवनियुक्त शिक्षक, शिक्षिकाओं को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा नियुक्तियों को लेकर स्पष्ट है। निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्तियां की जा रही हैं। सभी नवनियुक्त शिक्षक विद्यालयों में शिक्षा का अच्छा वातावरण बच्चों को उपलब्ध करायें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अवधेश कुमार बाजपेयी, प्राचार्य डायट जितेंद्र सिंह, बीएसए संजय सिंह, खंड शिक्षाधिकारी भारती शाक्य, आनंत द्विवेदी, सभी जिला समन्वयक, ईडीएम अविरल तिवारी आदि मौजूद रहे।