एटा कोतवाली नगर में लेखपाल राजकुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मुकदमा रविवार को दर्ज कराया गया है। इससे पहले भी एक मुकदमा लिखाया जा चुका है। इस बार एक अधिवक्ता ने पैतृक जमीन के दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला जगरूप निवासी अधिवक्ता अनिल कुमार शर्मा ने अदालत के आदेश पर लेखपाल राजकुमार निवासी हजरतपुर थाना मिरहची के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। आरोप है कि ग्राम पंचायत बारथर, असरौली, कसैटी और मरथरा देवकिशन में करीब सात वर्षों से लेखपाल लगातार तैनात है।
खुलेआम भ्रष्टाचार, अवैध वसूली, सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी करके अवैध जमीन अर्जित करने में संलिप्त रहा है। आरोप है कि बैनामा दाखिल-खारिज करने के रूप में मुझसे एक लाख रुपये मांगे थे। देने से मना किया तो आरोपी ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि पैतृक गांव नगला जगरूप में हाईवे किनारे गाटा संख्या 1007 है। इस गाटा में सड़क किनारे लाइन नहीं है, लेकिन लेखपाल से षड्यंत्र रचकर लाइन खींचकर नया नंबर बना दिया। नया नंबर बनाकर फर्जी बैनामा अपनी नजदीकी मोहर सिंह निवासी मरथरा के नाम 11 मार्च 2022 को करा दिया।
पुलिस बल को गुमराह करके 24 दिसंबर 2022 को कब्जा करने पहुंच गया। जब दस्तावेजों का मुआयना किया तब पता चला कि लेखपाल ने साजिश करके जमीन हड़पने के लिए लाइन खींचकर धोखाधड़ी की है। कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर अधिवक्ता का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।