एटा। शासन द्वारा वर्ष 2022-23 की यू-डायस पर सूचना मांगी गई। जिले से लगातार कई बार विद्यालय के संचालकों सहित प्रधानाचार्यों से संपर्क कर इसके लिए विवरण मांगा गया। लेकिन विवरण नहीं दिया। अब यू-डायस पोर्टल बंद कर दिया गया है। विवरण उपलब्ध न कराने वाले 42 विद्यालयों पर मान्यता वापस लेने की कार्रवाई की गई है।
बीते तीन माह से महानिदेशक स्कूली शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक द्वारा यू-डायस प्लस 2022-23 की गतिविधियों, स्कूल प्रोफाइल, शिक्षक प्रोफाइल एवं छात्र- छात्राओं का प्रोफाइल मांगा जा रहा था। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 3319 विद्यालय संचालित हैं। अधिकांश विद्यालयों ने मांगा गया पूर्ण डाटा उपलब्ध नहीं कराया। किसी ने शिक्षक तो किसी ने विद्यालय का डाटा दिया। छात्र-छात्राओं का विवरण नहीं दिया। 42 विद्यालय ऐसे थे जिन्होंने कोई विवरण नहीं दिया। इसी को लेकर बीएसएस ने इन 42 विद्यालयों का यू-डायस पोर्टल प्लस बंद कर मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की है।
इन ब्लाकों के हैं विद्यालय
अलीगंज के पांच, अवागढ़ का एक, एटा अर्बन के 10, जलेसर 10, मारहरा 6, निधौलीकलां व सकीट के पांच-पांच विद्यालय हैं। जिनकी मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की गई है।
उच्चाधिकारियों द्वारा यू-डायस पर विद्यालयों का विवरण मांगा गया था। विद्यालयों के संचालक सहित प्रधानाचार्य ने कोई सूचना नहीं दी। इसी को लेकर प्रथम चरण में 42 विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की है। सूचना न देने पर अन्य विद्यालयों पर भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। - संजय सिंह, बीएसए