उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पुलिस ने निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आठ हजार से अधिक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गुंडा एक्ट, गैंगस्टर आदि कार्रवाई कर पुलिस ने संदेश दे दिया है कि गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं है।
निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद से जिले भर में शांतिभंग के तहत आठ हजार के करीब लोगों को पाबंद किया गया है। इसके साथ ही गुंडा एक्ट में 55 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें से 16 को जिलाबदर किया गया है। ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं कर सकें।
69 वांछितों को जेल भेजा गया
इसके अलावा 11 ऐसे अपराधी चिह्नित किए गए, जिनका अपराध की दुनिया से जुड़ाव रहा है। या अभी भी सक्रिय अपराधी की भूमिका में रहे हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। जबकि 189 वारंटी गिरफ्तार किए गए हैं। 69 वांछितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होनी तय
एएसपी क्राइम विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद अपराधियों पर कार्रवाई बढ़ाई गई हैं। अब तक 8300 के करीब अपराधियों को चिह्नित कर विभिन्न प्रकार की कार्रवाई की गई हैं। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अपराधियों को किसी भी स्तर पर छूट नहीं दी जाएगी। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी तय है।
पड़ोसी जिलों के अपराधियों को भी किया गया चिह्नित
एएसपी क्राइम ने बताया कि पड़ोसी जिलों के अपराधियों को भी चिह्नित किया गया है। जो जिले में रहकर सक्रियता बरत रहे थे, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भी पत्राचार किया गया है। अब कोई भी अपराधी पुलिस की नजर से नहीं बच सकेगा।