एटा। जिले की तीन ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितता मिलने पर खाते सीज कर दिए गए है। वहीं मारहरा ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत गिरौरा को अनियमितता के चलते नोटिस जारी किया गया है।
विकास खंड अलीगंज की ग्राम पंचायत कूल्हा बुजुर्ग, शीतलपुर की ग्राम पंचायत पवांस और मारहरा की ग्राम पंचायत अमृतपुर में विकास कार्यों को लेकर ग्राम प्रधान व सचिव द्वारा वित्तीय अनियमितताएं की गई। इसकी शिकायत जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल से की गई। इसके बाद ग्राम पंचायतों में कराए गए खडंजा, इंटरलॉकिंग व स्ट्रीट लाइट आदि के कार्यों की जांच की गई। इसमें कई कार्य ऐसे पाए गए, जिसमें कार्य नहीं कराया गया और धनराशि का दुरुपयोग किया गया। इस मामले में जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल द्वारा तीनों ग्राम पंचायत के खाते सीज कर दिए गए हैं और कराए गए विकास कार्यों से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
ग्राम पंचायत गिरौरा को थमाया नोटिस
विकास खंड मारहरा की ग्राम पंचायत गिरौरा में स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर लाखों रुपये का खेल किया गया। जांच में पाया गया कि 50 स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए धनराशि निकाली गई। लेकिन मौके पर सिर्फ 14 स्ट्रीट लाइटें ही पाई गई। इस मामले में ग्राम पंचायत को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अगर स्पष्टीकरण स्पष्ट नहीं पाया गया तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की किशकायतें मिलने पर जांच कराई तो अनियमितताएं पाईं गई। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाते सीज की कार्रवाई की गई है। - केके सिंह चौहान, डीपीआरओ