एटा। थाना जलेसर क्षेत्र के एक गांव में खेत से लौट रही किशोरी को बदनीयती से पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की गई। किशोरी ने विरोध किया तो उसके साथ पिटाई की और धमकी देकर आरोपी भाग गया। पिता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पिता का आरोप है कि 15 वर्षीय बेटी बुधवार की शाम करीब 5 बजे खेत में पानी लगाकर घर लौट रही थी तभी गांव के ही प्रमोद कुमार ने बेटी को रास्ते में बदनीयती से पकड़ लिया। बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। बेटी ने आरोपी के चंगुल से बचने का प्रयास किया और चीख पुकार मचाई तो उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद मुझे और परिवार के जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पिता का आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और किसी भी वारदात को अंजाम दे सकता है। इस वारदात से परिवार दहशत में है।
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि किशोरी के साथ आरोपी ने वारदात की है, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तलाश की जा रही है। बताया कि पॉक्सो के मामले में वांछित आरोपी जितेंद्र कुमार निवासी कटेलिया थाना अवागढ़ को भी पुलिस टीम ने रेलवे फाटक से पकड़ा है। पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि प्रमोद को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है।