उत्तर प्रदेश के एटा जिले में तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार कर रहे अधेड़ के टक्कर मार दी। हादसे में अधेड़ गाड़ी में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
हादसा मलावन थाना क्षेत्र के मधूपुरा गांव के पास हुआ। यहां बीती रात करीब 9.30 बजे गंगाप्रसाद (50) शहर से अपने गांव लौट रहे थे। हाईवे पर ऑटो से उतरे और गांव जाने के लिए सड़क पार करने लगे। इसी समय अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह वाहन में फंस गए और करीब 20 मीटर तक हाईवे पर घिसटते चले गए। लोगों ने देखा तो भागकर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी परिजन व पुलिस को दी।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है
सूचना पाकर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस मौजूद लोगों से बात करके जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। चचेरे भाई रवेंद्र कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तलाश की जा रही है।