एटा (ब्यूरो)। 23 दिन से एसएसपी विहीन चल रहे जिले को आखिरकार नया कप्तान मिल गया। शासन के आदेश पर शनिवार की शाम नए एसएसपी अनीस अहमद अंसारी ने कार्यभार संभाल लिया। जिले में राजनैतिक हस्तक्षेप के चलते इन 23 दिन में शासन ने यहां तीन एसएसपी भेजे, लेकिन किसी ने चार्ज नहीं लिया। पांच जून को प्रदेश सरकार ने जिले के एसएसपी अमित पाठक को हटाकर यहां दो बार रह चुके एसएसपी अजय मोहन शर्मा का स्थानांतरण किया, लेकिन उनके चार्ज लेने से पहले ही उन्हें यहां से हटाकर फीरोजाबाद भेज दिया गया। इसके बाद गंगा नाथ त्रिपाठी की तैनाती की गई, लेकिन उन्होंने भी चार्ज नहीं संभाला। इसके बाद लव कुमार का स्थानांतरण किया गया, लेकिन वह भी नहीं आए। आखिरकार शासन ने पीएसी मेरठ के सेनानायक अनीस अहमद अंसारी को यहां की कमान सौंपी।