एटा/मिरहची। थाना क्षेत्र के एक गांव में दो कारों के शीशे तोड़कर 96 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। दूल्हे के रिश्तेदार दो फरवरी की रात लग्न व टीका समारोह में शामिल होने आए थे। गांव के ही दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखाया गया है।
गांव पिथनपुर निवासी देवेश कुमार तिवारी ने गांव के ही बहोरी लाल और दिवारीलाल को नामजद किया है। दो अज्ञात भी बताए हैं। कहा कि दो फरवरी की रात करीब 10.30 बजे भाई गौरव तिवारी का लग्न समारोह घर पर चल रहा था। इसमें शामिल होने के लिए बरेली और पीलीभीत के रिश्तेदार आए थे।
एक ईको कार का शीशा तोड़कर 16500 रुपये और बेग व जरूरी डायरी चोरी कर ली गई। जबकि दूसरी कार का चालक की साइड का शीशा तोड़कर डेशबोर्ड से 80 हजार रुपये पार कर दिए। दोनों कारों से 96 हजार 500 रुपये की चोरी की गई। थाना प्रभारी छत्तर पाल सिंह ने बताया कि कितनी रकम चोरी हुई है, यह जांच का विषय है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिन लोगों को आरोपी बताया है उनसे रंजिश चल रही है।