एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मोहल्ला शांती नगर से हिमाचल प्रदेश से आए लोगों के घर से 80 हजार रुपये की चोरी कर ली गई। जब शाम को अपनी दुकानें बंद करके घर पर पहुंचे तब चोरी होने की जानकारी हो सकी। इसके बाद पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि थाना जलेसर क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी से ई-रिक्शा चोरी होने का मामला दर्ज कराया गया है।
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू मनाली क्षेत्र के गांव रगड़ी नंगूसी निवासी दोरपे शेरपा ने चोरी की रिपाेर्ट दर्ज कराई है। बताया कि शहर के कैलाश मंदिर के सामने हिमाचली बाजार गर्म कपड़ों का लगा हुआ है, यहां पर काफी लोग हिमाचल प्रदेश से आकर व्यापार कर रहे हैं, लेकिन शहर के ही मोहल्ला शांती नगर सैय्यद वाली गली में एक मकान किराए पर लिया गया है। इस मकान से 26 नवंबर की शाम करीब 5 बजे 80 हजार रुपये और दो जैकेट चोरी कर ली गई। जबकि शाम को दुकानें बंद करके मकान पर पहुंचे तो ताला टूटा पाया गया और नकदी व जैकेट गायब थी। इसके बाद पुलिस को रात में ही तहरीर दी गई। प्रभारी निरीक्षक निर्दाेष सिंह सेंगर ने बताया कि शांती नगर से चोरी होने की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और चोरों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
वहीं थाना व कस्बा जलेसर स्थित सब्जी मंडी में खड़े ई-रिक्शा को चोरी करने की रिपोर्ट टिंकू निवासी नारऊ थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस ने दर्ज कराई है। आरोप है कि कस्बे में ही रहकर ई-रिक्शा चलाता है, 24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे मंडी में सब्जी लेने गया था तभी कोई चोरी करके ले गया। पुलिस तलाश कर रही है।